वेनेज़ुएला के मौजूदा आंतरिक राजनीतिक संकट के अब वैश्विक स्तर तक पहुंचने का ख़तरा मंडरा रहा है. अमरीका और अन्य देशों के जहां वेनेज़ुएला के विपक्षी नेता ख़ुआन गोइदो को समर्थन देने की बात कही है वहीं रूस और चीन जैसे देश मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पक्ष में खड़े हो गए हैं. वेनेज़ुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के इस्तीफ़े की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं. वहीं, प्रमुख विपक्षी नेता ख़ुआन गोइदो बुधवार को ख़ुद को अंतरिम राष्ट्रपति घोषित कर चुके हैं. गोइदो की घोषणा के बाद उन्हें अमरीका, कनाडा और ताकतवर पड़ोसी देशों जैसे ब्राज़ील, कोलंबिया और अर्जेंटीना से समर्थन मिल गया. यूरोपीय संघ ने भी वेनेज़ुएला में फिर से चुनाव कराए जाने की मांग कर दी है और गोइदो के नेतृत्व वाली नैशनल असेंबली को अपना समर्थन दे दिया है. लेकिन, रूस, चीन और कुछ अन्य देशों ने निकोलस मादुरो के लिए अपने समर्थन की घोषणा कर दी है. गुरुवार को रूस ने चेतावनी दी है कि गोइदो की घोषणा "अराजकता और रक्तपात का सीधा रास्ता" है. रूस की ओर से एक बयान जारी करके कहा गया है, "हम ऐसे ...